Year Ender 2025: खेल, राजनीति और संस्कृति में बिहार का स्वर्णिम साल

पटना: क्रिकेट में ऐतिहासिक रिकॉर्ड, राजनीति में उभरते नए चेहरे और कला-संस्कृति में वैश्विक पहचान—साल 2025 बिहार के लिए गौरव, उपलब्धि और आत्मविश्वास का वर्ष बनकर इतिहास में दर्ज हो गया। इस साल बिहार के बेटे-बेटियों ने राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी राज्य का नाम रोशन किया और यह साबित कर दिया कि सही अवसर मिलने पर बिहार की प्रतिभा किसी से कम नहीं।


क्रिकेट को मिला नया ‘वैभव’

2025 का साल भारतीय क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा।
महज 14 साल की उम्र में समस्तीपुर के इस युवा बल्लेबाज़ ने आईपीएल 2025 में इतिहास रच दिया।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा। यह आईपीएल का दूसरा सबसे तेज शतक और किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गया सबसे तेज आईपीएल शतक रहा। इसके अलावा 17 गेंदों में अर्धशतक लगाकर उन्होंने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया।

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव का अंडर-19 टीम में चयन हुआ और वहां भी उन्होंने बड़े मुकाबलों में शतक लगाकर देश और राज्य का मान बढ़ाया।


आईपीएल में बिहार की मजबूत मौजूदगी

एक समय था जब आईपीएल में बिहार का कोई खिलाड़ी नहीं दिखता था, लेकिन 2025 आते-आते तस्वीर पूरी तरह बदल गई।

आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में बिहार के आठ खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिनमें ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, आकाश दीप, मुकेश कुमार, साकिब हुसैन, मोहम्मद इजहार, सार्थक रंजन और अनुकूल रॉय शामिल हैं। यह बिहार क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।


अन्य खेलों में भी बिहार का दबदबा

क्रिकेट के अलावा ओलंपिक और कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल खेलों में भी बिहार के खिलाड़ियों ने 2025 में शानदार प्रदर्शन किया।

तीरंदाजी में अंशिका, आदर्श और पूनम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ताइक्वांडो में सौम्या, स्वीटी और रूपन, जबकि वेटलिफ्टिंग में श्रेया, शालिनी, आरुषि और खुशबू ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर बिहार का नाम रोशन किया।

मेडल लाओ–नौकरी पाओ योजना के तहत 2025 में कुल 87 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिली, जिनमें 48 पुरुष और 39 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 10 खिलाड़ियों को सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया।


राजनीति में नए सितारों का उदय

2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव ने राज्य की राजनीति में कई नए चेहरों को सामने लाया।

लोकप्रिय लोकगीत गायिका मैथिली ठाकुर ने अलीनगर सीट से जीत दर्ज कर युवा विधायक के रूप में पहचान बनाई। गायघाट से कोमल सिंह भी युवा नेतृत्व के रूप में उभरीं। आईपीएस सेवा से इस्तीफा देकर राजनीति में आए आनंद मिश्रा की बक्सर से जीत देशभर में चर्चा का विषय बनी।

वहीं विपक्ष की ओर से भाकपा माले के संदीप सौरभ ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर युवा वाम नेतृत्व को मजबूती दी।


युवा राजनीति का केंद्र बना बिहार

जेपी आंदोलन के बाद एक बार फिर बिहार ने देश को नई राजनीतिक दिशा दी। 2025 विधानसभा चुनाव के दौरान और उसके बाद युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की स्पष्ट झलक दिखी।

देश की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने 45 वर्षीय नितिन नबीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया। पदभार संभालते ही उन्होंने भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने की बात कही।


मनोरंजन जगत में बिहार की पहचान

फिल्म और वेब सीरीज के क्षेत्र में भी बिहार के कलाकारों ने 2025 में अपनी अलग पहचान बनाई।

वेब सीरीज पंचायत में ‘विधायक जी’ की भूमिका निभाने वाले पंकज झा के अभिनय को व्यापक सराहना मिली। वहीं चंदन रॉय और दुर्गेश कुमार के अभिनय ने भी दर्शकों का दिल जीता।

हालांकि मनोरंजन जगत के कुछ कलाकार राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने में सफल नहीं हो सके। भोजपुरी जगत के खेसारी लाल यादव और रितेश पांडे विधानसभा चुनाव में चर्चा में रहे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।


उपलब्धियों का वर्ष रहा 2025

साल 2025 बिहार के लिए गर्व और उपलब्धियों का वर्ष साबित हुआ। इस साल एक बार फिर दुनिया ने देखा कि जब बिहार की प्रतिभा को मंच और अवसर मिलता है, तो वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना लेती है।

वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से निकले रिकॉर्ड, खेलों में पदक जीतते युवा खिलाड़ी, राजनीति में नए चेहरे और मनोरंजन जगत में दमदार प्रदर्शन—इन सभी ने मिलकर बिहार की बहुमुखी प्रतिभा को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।


 

  • Related Posts

    चिनार कोर के पूर्व कमांडर अब बिहार के ‘महामहिम’! नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन पहुंचे पटना; कल लोकभवन में लेंगे शपथ

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    तेजस्वी का ‘डबल इंजन’ पर करारा प्रहार! बोले- “20 साल का राज, फिर भी हर सूचकांक में फिसड्डी है बिहार; नीतीश राज में सिर्फ गरीबी और पलायन बढ़ा”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading