अंचलाधिकारियों के पत्र पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का दो टूक जवाब, बोले– किसी दबाव में नहीं आएंगे

पटना: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की सख्त कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के डर से अंचलाधिकारियों के संघ द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग किए जाने पर अब डिप्टी सीएम का कड़ा बयान सामने आया है। विजय सिन्हा ने साफ कहा है कि वह किसी भी दबाव में आने वाले नहीं हैं।

डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि अब भू-माफिया और जमीन के दलालों को चेतावनी देने का समय खत्म हो चुका है, अब सीधे एक्शन का वक्त है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह पहले ही सभी अंचलाधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दे दिए गए थे कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे 420 का खेल खेलने वालों और सही जमीन को विवादित बनाने वालों पर पूरी सख्ती से कार्रवाई की जाए।

उन्होंने बताया कि सभी अंचलों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि भू-माफिया, दलाल और बिचौलियों के खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई करें। अगर किसी अंचलाधिकारी ने ऐसे तत्वों पर कार्रवाई नहीं की, तो विभाग खुद उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।

विजय सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में जो लोग भू-माफियाओं के प्रति सहानुभूति रखते हैं, अगर वे बाज नहीं आए तो उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

डिप्टी सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके जनसंवाद कार्यक्रम में न तो किसी को गाली दी जाती है और न ही अपमानित किया जाता है। हजारों लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से वही लोग परेशान हैं जो सुधार के काम को रोकना चाहते हैं। “मुझे नहीं पता कौन और कहां नाराजगी जता रहा है। मेरे पास न तो कोई पत्र आया है और न ही किसी ने मुझसे संपर्क करने की कोशिश की है। इतना जरूर जानता हूं कि हमने कभी अराजकता को स्वीकार नहीं किया है और न ही किसी दबाव में आने वाले हैं,” विजय सिन्हा ने दो टूक कहा।


 

  • Related Posts

    बिहार को मिल सकता है नया राज्यपाल, 12 मार्च को पटना पहुंच सकते हैं सैयद अता हसनैन

    Share Add as a preferred…

    Continue reading