चाय दुकान की आड़ में चल रहा था स्मैक–चरस का धंधा, 6 गिरफ्तार

बिहार की राजधानी पटना में मनेर पुलिस ने मादक पदार्थों के एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का सीधा कनेक्शन नेपाल से जुड़ा हुआ था। आरोपी चाय की दुकान की आड़ में स्मैक और चरस की बड़ी खेप की तस्करी कर रहे थे और इसी अवैध धंधे से उन्होंने भारी संपत्ति भी अर्जित की थी।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में नशा और कैश बरामद

पटना पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 545 ग्राम स्मैक, 558 ग्राम चरस, हथियार और नकदी समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।

बरामद सामान में शामिल हैं—

  • 12.16 लाख रुपये नकद
  • 1 देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 1 पिस्टल मैगजीन
  • 21.5 लीटर विदेशी शराब
  • 3 एटीएम कार्ड और 1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू
  • 413 ग्राम चांदी जैसा बिस्कुट
  • 24.7 ग्राम सोने के आभूषण
  • 1 चारपहिया वाहन और 1 मोटरसाइकिल

चाय दुकान की आड़ में चल रही थी तस्करी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 24 दिसंबर 2025 को मनेर थाना क्षेत्र में एक चाय की दुकान से मादक पदार्थों की खरीद–बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) के मार्गदर्शन में और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने चिन्हित स्थान पर छापेमारी कर दुकान और उससे जुड़े आवासीय परिसर की सघन तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में नशा, हथियार और नकदी बरामद हुई।

एसएसपी पटना कार्तिकेय के शर्मा ने बताया,

“छापेमारी के दौरान स्मैक, चरस, हथियार, नकदी और कीमती धातुओं की बरामदगी हुई है। तस्करी में प्रयुक्त एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।”

छह आरोपी गिरफ्तार, नेपाल कनेक्शन की जांच

छापेमारी के दौरान मौके से पीयूष कुमार और शुभम कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े चार अन्य अभियुक्तों को भी दबोच लिया। इस तरह कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई है।

गिरफ्तार अन्य आरोपियों में अभिषेक कुमार, सरोज कुमार, सोनी गुप्ता और एक अन्य अभिषेक कुमार शामिल हैं। इनमें से अधिकांश मनेर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक अभियुक्त सारण जिले के डोरीगंज थाना अंतर्गत महाजी चकिया का रहने वाला है।

अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसका नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय स्तर तक फैला हुआ है। नेपाल से जुड़े संपर्कों को लेकर पुलिस गहन जांच में जुटी है।

एसएसपी पटना ने कहा,

“पटना पुलिस लगातार मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रही है। आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading