दो दिवसीय बिहार दौरे पर बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, मंदिर दर्शन से लेकर संगठनात्मक बैठक तक रहा व्यस्त कार्यक्रम

पटना। बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन इन दिनों दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। बुधवार को राजधानी पटना पहुंचने के बाद उन्होंने दिन की शुरुआत मंदिर दर्शन से की और प्रदेश भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में अहम बैठक

पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में नितिन नबीन की अध्यक्षता में सांसदों, विधानमंडल दल, प्रदेश कोर टीम एवं प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मौजूदा गतिविधियों की समीक्षा की गई और आगामी चुनावी रणनीति एवं कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंदिरों में पूजा-अर्चना, मां से की बिहार की समृद्धि की कामना

बैठक से पहले नितिन नबीन ने पटना के काली मंदिर, बांस घाट में दर्शन-पूजन कर मां काली का आशीर्वाद लिया। इस दौरान बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने बिहार की प्रगति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

इसके बाद उन्होंने पटना गोलघर स्थित मां अखंडवासिनी मंदिर और लोदीपुर के मां दुर्गा मंदिर में भी विधिवत पूजा-अर्चना की।

पहली बार राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बिहार आगमन

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह नितिन नबीन का पहला बिहार दौरा है। मंगलवार को पटना पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने रोड शो में भाग लिया और मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

“बंगाल और केरल में भी लहराएगा भगवा”

जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा—

“बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद पूरे देश में इसकी चर्चा हो रही है। जहां-जहां चुनाव हुए हैं, वहां भाजपा का परचम लहराया है। आने वाले समय में बंगाल और केरल में भी भगवा लहराएगा।”

उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्रीय स्तर पर काम करने की क्षमता रखता है।

पार्ट टाइम पॉलिटिक्स पर तंज

नितिन नबीन ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के कुछ विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा—

“कुछ लोग पार्ट टाइम पॉलिटिक्स करते हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता फुल टाइम काम करता है। बिहार की जनता ने ऐसे लोगों को वोट की चोट देकर बाहर का रास्ता दिखा दिया है।”

“बांकीपुर और पटना हमेशा दिल में रहेंगे”

उन्होंने भावुक होते हुए कहा—

“मैं कहीं भी रहूं, लेकिन बांकीपुर और पटना के लोग हमेशा मेरे दिल में रहेंगे। आज जो सम्मान आपने दिया है, उसके लिए मैं जीवन भर आभारी रहूंगा। नितिन नबीन आप सबका रक्षक बनकर खड़ा है।”

एक लाख युवा कार्यकर्ताओं की टीम बनाने का लक्ष्य

नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा में राजनीति धैर्य और समर्पण से करनी होती है। उन्होंने बताया—

“गृह मंत्री अमित शाह ने अगले पांच वर्षों में एक लाख युवा कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने का लक्ष्य दिया है और मैं इस दिशा में लगातार काम कर रहा हूं।”


 

  • Related Posts

    बेतिया में निगरानी विभाग का ‘बड़ा धमाका’! 30 हजार घूस लेते गव्य विकास अधिकारी गिरफ्तार; अनुदान के नाम पर किसान को बना रहा था ‘एटीएम’

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    साहेबगंज रेलवे स्टेशन पर दो दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन, कर्मचारियों को राजभाषा में कार्य करने का दिया गया प्रशिक्षण

    Share Add as a preferred…

    Continue reading