भागलपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बाईपास थाना पुलिस ने विशेष छापामारी कर तीन युवकों को अवैध हथियार और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जखबाबा स्थान के उत्तर स्थित महेन्द्रा शोरूम परिसर के अंदर की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. पग्गों (उम्र लगभग 25 वर्ष), मो. अफान (उम्र लगभग 22 वर्ष) और मो. साकीर (उम्र लगभग 24 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी दोगच्छी गांव, थाना बाईपास, जिला भागलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त मो. पग्गों और मो. अफान का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, वहीं भादवि की धाराओं में भी दोनों आरोपित पहले नामजद रह चुके हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच कर रही है।
छापामारी के दौरान पुलिस ने एक मास्केट (देशी कट्टा) और एक 315 बोर की जिंदा गोली बरामद की है। बरामद हथियार के बैरल की लंबाई करीब 18 इंच और बॉडी की लंबाई लगभग 6 इंच बताई गई है, जिससे इसकी कुल लंबाई करीब 24 इंच है। हथियार के दोनों ओर लकड़ी के हत्थे लगे हुए हैं और इसे काले रंग से पेंट किया गया है। कट्टा खोलने पर उसके अंदर से एक जिंदा गोली मिली, जिसके पिछले हिस्से पर ठोकर का निशान और “8 M.M K.F” अंकित पाया गया।
इस सफल छापामारी अभियान का नेतृत्व बाईपास थाना प्रभारी ने किया। उनके साथ पु.अ.नि. सुशील गराई, सिपाही लखन कुमार, अमित कुमार और राजीव कुमार छापामारी दल में शामिल थे।
मामले को लेकर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को उसी अभियान का परिणाम बताते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


