पटना में शीतलहर का असर: स्कूलों की टाइमिंग बदली, डीएम ने जारी किया आदेश

पटना में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने इस संबंध में नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित होंगे।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में अत्यधिक ठंड और लगातार गिरते तापमान के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। खासकर सुबह के समय ठंड अधिक रहने के कारण स्कूली बच्चों को परेशानी हो सकती है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

डीएम कोर्ट के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पटना जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय इस नई समय-सारिणी के अनुसार अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्निधारित करेंगे। हालांकि, प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित विशेष कक्षाएं एवं परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि यह आदेश 20 दिसंबर 2025 से प्रभावी होगा और 25 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगा। इसके बाद मौसम की स्थिति की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि बिहार में बीते दो दिनों से ठंड और शीतलहर में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक होने के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है।

जिला प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे जारी निर्देशों का पालन करें और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक: जून में 746 नए केस दर्ज, 1044 मामलों का हुआ निष्पादन; SSP ने दिए सख्त निर्देश

    Share Add as a preferred…

    सबौर के बरारी पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं; सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

    Share Add as a preferred…