भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन 23 दिसंबर को पहली बार बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इसे उनका पहला ‘घर आगमन’ माना जा रहा है, जिसे लेकर भाजपा संगठन में खासा उत्साह है। राजधानी पटना में उनके स्वागत को लेकर जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल तक रोड शो
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि नितिन नबीन 23 दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे वे भव्य रोड शो में शामिल होंगे। यह रोड शो एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल मैदान तक आयोजित किया जाएगा, जहां उनका अभिनंदन समारोह होगा।
बाबा साहब अंबेडकर और जेपी को देंगे श्रद्धांजलि
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के अनुसार, रोड शो के दौरान नितिन नबीन हाईकोर्ट परिसर के पास स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वे जेपी गोलंबर और इनकम टैक्स चौराहा पर भी पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
संगठन मजबूती रहेगी पहली प्राथमिकता
संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नबीन की पहली प्राथमिकता संगठन को और मजबूत करना होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और कार्यकर्ताओं की ताकत ही पार्टी की असली शक्ति है। नितिन नबीन के नेतृत्व में जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान मिलेगा और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को संगठन में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
भाजपा में नितिन नबीन के आगमन को संगठनात्मक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है। बिहार से किसी नेता के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला दौरा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी नेतृत्व इसे बिहार में संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम मान रहा है।


