दो घंटे तक चला इंतजार, फिर बीजेपी ने किया बड़ा संगठनात्मक ऐलान

बिहार भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। दरभंगा से विधायक संजय सरावगी ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया है। पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत के तहत बदलाव

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के नीतीश कैबिनेट में मंत्री बनने के बाद पार्टी के “एक व्यक्ति, एक पद” के सिद्धांत के तहत नेतृत्व में बदलाव किया गया। दिलीप जायसवाल की जगह संजय सरावगी को बिहार भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

भव्य स्वागत, उत्सवी माहौल

नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारी पिछले दो दिनों से चल रही थी। भाजपा कार्यालय में सुबह से ही उत्सव का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, खासकर महिला कार्यकर्ता, स्वागत के लिए मौजूद रहीं। जैसे ही संजय सरावगी पार्टी कार्यालय पहुंचे, उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।

दो घंटे से अधिक चला इंतजार

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए पार्टी के बड़े नेता भी लंबे समय तक इंतजार करते नजर आए। बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता करीब दो घंटे से अधिक समय तक प्रदेश कार्यालय में मौजूद रहे। दोपहर करीब 3 बजे संजय सरावगी के पहुंचते ही स्वागत समारोह शुरू हुआ।

लगातार बदलता रहा प्रदेश अध्यक्ष का पद

गौरतलब है कि संजय जायसवाल के बाद सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। सम्राट चौधरी के मंत्री बनने के बाद दिलीप जायसवाल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन दोनों ही नेता लगभग डेढ़-डेढ़ साल का कार्यकाल पूरा कर पाए। अब बदली राजनीतिक परिस्थितियों में संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

कौन हैं संजय सरावगी

संजय सरावगी दरभंगा सदर विधानसभा क्षेत्र से छह बार विधायक रह चुके हैं। वे वैश्य समाज से आते हैं और संगठन तथा सरकार दोनों में लंबा अनुभव रखते हैं।

  • पहली बार फरवरी 2005 में विधायक बने
  • इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज की
  • वर्ष 2017 में बिहार विधानसभा की प्राक्कलन समिति के सभापति रहे
  • फरवरी 2025 से बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रहे
  • भाजपा प्रदेश गोवंश प्रकोष्ठ के संयोजक सहित संगठन के कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और माना जा रहा है कि संजय सरावगी के नेतृत्व में बिहार भाजपा संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

  • Related Posts

    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading