गोपालगंज में सनसनीखेज वारदात, घर के बाहर गेम खेल रहे 8वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के खैरटीया गांव में बेखौफ बदमाशों ने 8वीं कक्षा के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

घर के बाहर गेम खेलते समय मारी गोली

मृतक की पहचान खैरटीया गांव निवासी चंदन प्रसाद के 15 वर्षीय बेटे आलोक कुमार उर्फ संजय के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, आलोक घर के बाहर ट्रैक्टर पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी मौके पर पहुंचे और उसके सिर के पिछले हिस्से में गोली मार दी।

गोली लगते ही किशोर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया,
“एक किशोर की सिर में गोली लगने से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा।”

पिता ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका

मृतक के पिता चंदन प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को उनका बेटा दोस्तों के साथ कार से कहीं गया था। लौटने के बाद वह कुछ बेचैन था, लेकिन कुछ नहीं बताया। खाना खाने के बाद मोबाइल पर बात करते हुए घर से बाहर निकला और ट्रैक्टर पर बैठकर गेम खेलने लगा।

उन्होंने आशंका जताई कि स्कूल में पढ़ने वाले कुछ लड़कों से पहले विवाद हुआ था।
“काफी दिन पहले मारपीट भी हुई थी और चाकू मारने की कोशिश की गई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि इस तरह उसकी हत्या कर दी जाएगी।” – चंदन प्रसाद

इलाके में दहशत, परिवार में कोहराम

गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में किशोर को मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, आलोक तीन भाइयों में बीच का था। उसके पिता रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पुराने विवाद, आपसी रंजिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


 

  • Related Posts