मुल्लांपुर: साउथ अफ्रीका के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक टीम इंडिया के खिलाफ दूसरे टी-20 इंटरनेशनल में तूफानी फॉर्म में नजर आए। मुल्लांपुर के मैदान पर डिकॉक ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर प्रहार करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। आईपीएल 2026 ऑक्शन से ठीक पहले उनकी यह आक्रामक पारी फ्रेंचाइजी मालिकों की नजरों में और भी चमक बढ़ा सकती है।
डिकॉक की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी—स्टेडियम में मचाया कोहराम
साउथ अफ्रीका ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन शुरुआत खराब रही। रीजा हेंड्रिक्स सिर्फ 8 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हो गए।
लेकिन दूसरे छोर से डिकॉक तूफान की तरह बरसते रहे।
उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए मैदान के चारों ओर बड़े-बड़े शॉट्स लगाए और कुछ ही समय में स्कोरबोर्ड तेजी से आगे बढ़ा दिया। उनकी यह फिफ्टी भारत के खिलाफ टी-20I में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वालों की लिस्ट में उन्हें निकोलस पूरन और जोस बटलर की बराबरी पर ले आई।
IPL 2026 ऑक्शन में डिकॉक पर जमकर बरस सकता है पैसा
टीम इंडिया के खिलाफ डिकॉक की लगातार शानदार परफॉर्मेंस उनकी मार्केट वैल्यू को और बढ़ा रही है।
पिछले सीजन वे कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे, लेकिन केकेआर ने उन्हें ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया। अब डिकॉक ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखा है।
हालांकि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उम्मीद है कि नीलामी में उन पर मोती बोली लग सकती है। कई टीमों को एक एक्सपीरियंस्ड विकेटकीपर-बल्लेबाज की जरूरत है, और डिकॉक इसके लिए परफेक्ट फिट माने जा रहे हैं।


