भागलपुर में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के PG हॉस्टलों में वर्षों से चल रहे अवैध कब्जे पर आज प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। सुबह से ही SDO (सदर) विकास कुमार, सिटी DSP-1 अजय कुमार चौधरी, DSW प्रो. अर्चना कुमारी, और प्रॉक्टर प्रो. एस.डी. झा की अगुवाई में टीम हॉस्टल परिसर पहुंची और एक-एक कमरे की जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान जिन कमरों पर अवैध कब्जा पाया गया, उनके ताले मौके पर ही तोड़ दिए गए और विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए ताले लगवाकर कमरों को सील कर दिया।
इस सख्ती के बाद हॉस्टलों पर विश्वविद्यालय का नियंत्रण एक बार फिर मजबूत हो सका।
छात्रों में हड़कंप, कई ने खुद ही खाली किया हॉस्टल
प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही कई कब्जाधारियों में घबराहट फैल गई और कई छात्रों ने कार्रवाई शुरू होने से पहले ही हॉस्टल खाली कर दिया।
पूरी कार्रवाई पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
छात्र नेताओं ने भी दिया सहयोग
सबसे खास बात यह रही कि विश्वविद्यालय के कई छात्र नेताओं ने भी इस अभियान में सहयोग किया। उनके सहयोग से प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी आसानी हुई।
प्रशासन का संदेश—अब हॉस्टल में अराजकता बर्दाश्त नहीं
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि—
अवैध कब्जा, अनुशासनहीनता और नियमों का उल्लंघन अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हॉस्टलों को जल्द ही पूरी तरह से वैध आवासीय व्यवस्था के रूप में पुनर्स्थापित करने की तैयारी चल रही है।


