राज्य स्तरीय U-19 क्रिकेट टूर्नामेंट: तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा को 75 रन से हराया, दमदार जीत के साथ फाइनल में प्रवेश

भागलपुर। सैनडिस कंपाउंड में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में तिरहुत प्रमंडल ने दरभंगा प्रमंडल को 75 रन से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। तिरहुत ने मैच के हर विभाग में अपना दबदबा बनाए रखा और दरभंगा को एकतरफा मुकाबले में मात दी।

सोमवार सुबह मैदान में ओस और नमी के कारण मैच निर्धारित समय से देरी से शुरू होना पड़ा। इसके कारण दूसरा सेमीफाइनल स्थगित कर मंगलवार को आयोजित करने का फैसला लिया गया।

तिरहुत की ठोस शुरुआत, 136 रन पर सिमटी पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तिरहुत ने 20 ओवर में 136 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। तेज शुरुआत के बाद बीच के ओवरों में टीम लड़खड़ाती नजर आई, लेकिन शीर्ष क्रम ने टीम को मजबूत आधार दे दिया।

तिरहुत की तरफ से हिमांशु राज ने 24 गेंदों में 32 रन और आशीष राज ने 19 गेंदों में 30 रन बनाकर टीम को मज़बूत स्कोर तक पहुंचाया। दरभंगा के गेंदबाजों ने भी बेहतर जवाब दिया। मनीष कुमार ने 4 ओवर में 31 रन खर्च कर 3 विकेट झटके, जबकि कृष अमित और अंकित ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं।

दरभंगा की कमजोर बल्लेबाजी, 14.4 ओवर में पूरी टीम पवेलियन लौटी

136 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा की पूरी टीम 14.4 ओवर में केवल 61 रन पर ढेर हो गई। शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे और टीम मैच में कभी प्रतिस्पर्धा नहीं बना पाई। बल्लेबाज लगातार सिंगल डिजिट में लौटते रहे।

अंकित कुमार ने 17 रन, कृष कुमार ने 15 रन और मनीष कुमार ने 14 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका।

गेंदबाजों ने दिलाई जीत, मणिकांत बने मैन ऑफ द मैच

तिरहुत के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही मैच का रुख अपने पाले में रखा। सबसे उल्लेखनीय प्रदर्शन मणिकांत का रहा। उन्होंने 2.3 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए और दरभंगा की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। उनके स्पेल ने मैच का रुख पूरी तरह तिरहुत की ओर मोड़ दिया। इसके अलावा हर्षित और आसिफ ने दो-दो विकेट लेकर जीत सुनिश्चित की।

फाइनल 26 नवंबर को

पहले सेमीफाइनल के नतीजों के बाद अब सबकी नज़र दूसरे सेमीफाइनल पर होगी, जो मंगलवार को भागलपुर और मगध के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 26 नवंबर को सुबह 10 बजे फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जबकि पुरस्कार वितरण शाम 4 बजे किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता का सञ्चालन जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार के निर्देशन में किया जा रहा है। मैच में निर्णायक की भूमिका आशुतोष कुमार (पटना) और अभय कुमार (भागलपुर) ने निभाई। ऑनलाइन स्कोरिंग अंकित राज ने की और स्कोरशीट की जिम्मेदारी सौरभ कुमार के पास रही।

पहले सेमीफाइनल में तिरहुत प्रमंडल ने जिस तेज और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया है, उसने टीम को खिताब का मजबूत दावेदार बना दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल में तिरहुत के सामने कौन सी टीम उतरती है और क्या तिरहुत इसी लय को बरकरार रख पाएगा।


 

  • Related Posts

    लोकसभा में बड़ा फैसला: विपक्ष के 8 सांसदों का निलंबन रद्द, कांग्रेस ने जताया खेद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    गाजियाबाद में सनसनी: बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या, छुट्टी और वेतन विवाद में गार्ड बना कातिल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading