हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को मिलेगी नई गति

पटना, 24 नवम्बर 2025 — बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया और क्षेत्र में मौजूद प्रमुख औद्योगिक इकाइयों — न्यू जील सीजनल वियर प्राइवेट लिमिटेड, कॉम्पीटेंस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड तथा ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड का दौरा किया। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश में औद्योगिक विकास को और गति देने तथा अधिक से अधिक रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

न्यू जील सीजनल वियर में वस्त्र उत्पादन की स्थिति का लिया जायजा

भ्रमण की शुरुआत मुख्यमंत्री ने न्यू जील सीजनल वियर प्राइवेट लिमिटेड से की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तैयार किए जा रहे विभिन्न प्रकार के परिधानों के बारे में जानकारी दी। इसी क्रम में टेलरिंग कार्य में लगे कर्मचारियों से मुख्यमंत्री ने सीधे बातचीत कर उनके अनुभव, कार्य स्थितियों और संस्था द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की।

कॉम्पीटेंस एक्सपोर्ट में जूता निर्माण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी

इसके बाद मुख्यमंत्री कॉम्पीटेंस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड पहुंचे, जहां विभिन्न प्रकार के जूतों के निर्माण से जुड़ी प्रक्रियाओं, बाजार मांग, कच्चे माल की उपलब्धता और निर्यात क्षमताओं पर अधिकारियों व प्रबंधन के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के उत्पादन संयंत्र का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने हाजीपुर स्थित ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के प्लांट में भी उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि यहां बिस्कुट और कुकीज़ का बड़े पैमाने पर निर्माण किया जाता है, जिन्हें भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी निर्यात किया जाता है। यह इकाई देश के खाद्य उत्पाद क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में से एक ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन पर जोर

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्पादन गतिविधियों, निर्यात संभावनाओं, उद्योग विस्तार और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की संभावनाओं पर अधिकारियों के साथ विस्तृत बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि हाजीपुर औद्योगिक क्लस्टर में उद्योगों को और बढ़ावा देते हुए निवेश और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए।

हाजीपुर—बिहार का बढ़ता औद्योगिक केंद्र

हाजीपुर इंडस्ट्रियल क्लस्टर बिहार के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक माना जाता है। इस क्लस्टर में हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र और निर्यात प्रोत्साहन औद्योगिक पार्क सहित कुल 9 औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।

मुख्य तथ्य —
🔹 289 औद्योगिक इकाइयों को अब तक भूमि आवंटित
🔹 291.83 एकड़ भूमि आवंटित और 304.11 एकड़ आवंटन के लिए उपलब्ध
🔹 11 केवी व 33 केवी विद्युत आपूर्ति, विकसित सड़क नेटवर्क, सोलर स्ट्रीटलाइट, जल निकासी प्रणाली व बाउंड्री वॉल जैसी मजबूत आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध

वर्ष 2024–25 के दौरान यहां उद्योग निवेश और रोजगार वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए कई पहलें की गईं। उल्लेखनीय है कि कॉम्फेड सुधा डेयरी, सोन बिस्कुट लिमिटेड, अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड, एसएलएमजी बेवरेजेज प्रा. लि. और एवोन साइकिल लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने निवेश किया है, जिससे स्थानीय स्तर पर हजारों रोजगार अवसर उत्पन्न हुए हैं।

कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान
विधायक सिद्धार्थ पटेल
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत
उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह
मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि
वैशाली जिलाधिकारी वर्षा सिंह
सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  • Related Posts

    रजौन में ‘जमीन की जंग’, अपनों ने ही बहाया खून! 2008 के बंटवारे पर ‘गोतिया’ में खूनी संघर्ष; एक की हालत नाजुक

    Share Add as a preferred…

    Continue reading