बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में आरजेडी को मिली करारी हार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष और सवालों का दौर जारी है। कई नेताओं को निशाने पर लिया जा रहा है और कुछ महिला नेताओं को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं में एक नाम है आरजेडी नेता प्रियंका भारती, जो आलोचनाओं के बावजूद लगातार अपनी बातों को मजबूती से रख रही हैं।
“ऑटो वाले को आज भी तेजस्वी पर भरोसा है”
प्रियंका भारती ने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि एक ऑटो चालक, इंद्रजीत पासवान, अब भी तेजस्वी यादव से उम्मीद लगाए हुए है।
उन्होंने लिखा—
“मैं जिस ऑटो से यात्रा कर रही थी, उसके चालक इंद्रजीत पासवान निराश थे। उन्होंने कहा—‘दीदी, ऐसी हार नहीं हो सकती थी। जरूर कुछ गड़बड़ी हुई है। हम शाहबाद से हैं, और जो रिजल्ट आया है उस पर भरोसा नहीं हो रहा।’ मैंने उन्हें कहा कि हमारे लिए भी यह अविश्वसनीय है।”
“तेजस्वी भैया को बोलिएगा, लड़ाई छोड़ने नहीं”
प्रियंका ने आगे बताया कि चालक ने अपनी आर्थिक स्थिति और भविष्य की चिंता भी जाहिर की।
उनके अनुसार इंद्रजीत बोले—
“हम ग्रेजुएशन करके टेम्पो चला रहे हैं। भरोसा था कि तेजस्वी की सरकार आएगी तो नौकरी मिल जाएगी। अब डर है कि जिंदगी भर यही करना पड़ेगा।”
प्रियंका ने उन्हें हिम्मत दिलाई और आगे बढ़ते रहने को कहा।
इंद्रजीत ने जाते-जाते कहा—
“दीदी तेजस्वी भैया को बोलियेगा, लड़ाई छोड़ने नहीं। हम लोगों का उन पर भरोसा है। हम लोग तो वोट किए थे और बदलाव के लिए आगे भी करेंगे।”
“हम चुनाव जरूर हारे हैं, भरोसा नहीं”
प्रियंका भारती ने पोस्ट में लिखा कि इंद्रजीत की बातों से स्पष्ट होता है कि आरजेडी चुनाव जरूर हार गई है, लेकिन जनविश्वास पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा—
“यह भरोसा ही हमारी ताकत है। इसी के साथ दोगुनी मजबूती से आगे बढ़ेंगे। हमें उन करोड़ों लोगों के साथ खड़ा रहना है जिन्होंने वोट किया, और जिन्होंने नहीं किया, उनका भरोसा जीतना है।”
75 से 25 पर सिमटी आरजेडी
बिहार चुनाव 2020 में आरजेडी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी थी और 75 सीटें जीती थीं। लेकिन 2025 के चुनाव में पार्टी तीसरे स्थान पर खिसक गई और सीटें घटकर केवल 25 रह गईं।
कई दिग्गज नेताओं को इस बार हार का सामना करना पड़ा, यहां तक कि तेजस्वी यादव खुद राघोपुर में कई राउंड तक पीछे रहे।


