
जिले में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को होने वाले मतदान की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। जिला प्रशासन ने मतदान को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूरी कर ली हैं। एस.एस. कॉलेज स्थित ईवीएम डिस्पैच सेंटर पर सुबह से ही हजारों की संख्या में मतदान कर्मियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिला प्रशासन की निगरानी में चुनाव सामग्री का वितरण शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
निरीक्षण को पहुँची जिलाधिकारी, बोलीं – “शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान हमारी प्राथमिकता”
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने तैयारियों का जायज़ा लेते हुए कहा,
“लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी मतदान कर्मियों को आवश्यक सामग्री, ईवीएम, वीवीपैट और सभी जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ रवाना किया गया है।”
उन्होंने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं, ताकि हर मतदाता निर्भय होकर मतदान कर सके। डीएम ने यह भी कहा कि इस बार मतदान कर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला है।
जिले में कुल 1009 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
वीडियो देखें
(Video Player 00:00–00:26)
(Video Player 00:00–00:50)
तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल आठ लाख से अधिक मतदाता
जहानाबाद जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र — जहानाबाद, मखदुमपुर और घोसी — में इस बार कुल 8,08,152 मतदाता पंजीकृत हैं।
- पुरुष मतदाता — 4,28,012
- महिला मतदाता — 3,80,127
- तृतीय लिंग — 13
संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी
चुनाव को लेकर सुरक्षा बलों की तैनाती, वाहन जांच और संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने अपील करते हुए कहा कि मतदाता निर्भय होकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।


