देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक इको वैन में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई।
धमाके के बाद कार में लगी भीषण आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका होते ही कार में आग भड़क गई, जिसकी चपेट में आसपास मौजूद कई लोग आ गए। विस्फोट इतना तेज था कि करीब आधा दर्जन गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर 50–60 मीटर तक आग की लपटें दिखाई देती रहीं।
घटना शाम 6:55 बजे के आसपास हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
दमकल और पुलिस ने बचाई कई जानें
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
मृतकों के शव भी पोस्टमॉर्टम के लिए एलएनजेपी ले जाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है।
धमाके की वजह स्पष्ट नहीं, जांच जारी
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह धमाका—
- कार में लगी CNG सिलेंडर की वजह से हुआ
या - यह किसी प्रकार का विस्फोटक डिवाइस था।
जांच टीमें मौके पर फॉरेंसिक सबूत जुटा रही हैं। घटना के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।


