
कैमूर: जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नौवाझोटी गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के सक्रिय कार्यकर्ता खरीदन राम की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथी चंदन कुमार पिता वीरेंद्र कुमार, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक कुड़ासन गांव से बाइक पर सवार होकर अपने गांव नौवाझोटी लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के पुल के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खरीदन राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायल को वाराणसी रेफर किया गया
हादसे के बाद स्थानीय लोग और परिजन तुरंत दोनों को सदर अस्पताल, भभुआ ले गए। डॉक्टरों ने चंदन कुमार की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया है।
गांव में शोक की लहर
खरीदन राम की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चुनावी माहौल के बीच BSP समर्थक भी गमगीन हैं। मृतक की राजनीतिक सक्रियता और सामाजिक भूमिका के कारण इलाके में लोगों में गहरा दुख है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।


