पूर्वी चंपारण | 6 नवंबर 2025 बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के साथ ही दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है। इसी कड़ी में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वी चंपारण के पताही हाई स्कूल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनने का दावा किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ईमानदारी की जमकर तारीफ की।
“नीतीश कुमार पर आज तक एक भी आरोप नहीं” — राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा,
“नीतीश कुमार 20 साल से मुख्यमंत्री हैं, लेकिन उन पर आज तक एक भी छोटा आरोप नहीं लगा। आजकल के कई नेता भ्रष्टाचार में डूबे हैं, लेकिन वाहवाही करवाते फिरते हैं। ऐसे नेताओं को नीतीश कुमार से सीख लेनी चाहिए।”
राजद पर हमला — “कट्टा वाली संस्कृति अब खत्म”
रक्षा मंत्री ने अपने भाषण में राजद (RJD) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि,
“राजद की संस्कृति हमेशा कट्टा वाली रही है। उनके चुनावी कार्यक्रमों में भी बच्चों से कट्टा वाले गाने गवाए जा रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता अब जंगल राज नहीं देखना चाहती।”
राजनाथ सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार में बिहार की छवि बदली है, अब लोग गर्व से कहते हैं कि वे बिहार से हैं।
“पहले बिहार का नाम आते ही लोग कहते थे — ‘आईये ना, हमारा बिहार में, मार देंगे कट्टा कपार में’। लेकिन अब बिहार बदल गया है। लोग बाहर से वापस आकर यहीं रहना चाहते हैं।”
भीड़ ने किया जोरदार स्वागत
रक्षा मंत्री के पताही पहुंचने पर मैदान में भारी भीड़ जुटी। मंच पर एनडीए के स्थानीय नेताओं ने उनका स्वागत किया। राजनाथ सिंह ने लोगों से अपील की कि वे 11 नवंबर को एनडीए प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताएं ताकि बिहार का विकास लगातार जारी रह सके।



