जहानाबाद सदर अस्पताल में हंगामा: युवक की मौत के बाद परिजनों का फूटा गुस्सा, पूर्व सांसद ने निष्पक्ष जांच की मांग की

जहानाबाद, 6 नवंबर 2025 | 

जहानाबाद सदर अस्पताल में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब इलाज के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान राकेश कुमार, निवासी रामपुर, कल्पा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।

पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आया था युवक

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे राकेश पेट दर्द की शिकायत लेकर सदर अस्पताल पहुँचा था। डॉक्टरों ने प्रारंभिक इलाज शुरू किया, इसी दौरान वह बाथरूम गया जहां वह अचानक गिर पड़ा और बेहोश हो गया। डॉक्टरों द्वारा जांच करने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

मौत की खबर मिलते ही परिजन रोने-बिलखने लगे और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई। नाराज़ परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए धक्का-मुक्की और नारेबाज़ी की।

सूचना पर पहुंची पुलिस, हालात पर पाया नियंत्रण

घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस और अस्पताल सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने और प्रयासों के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। अस्पताल परिसर में कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

पूर्व सांसद ने दी परिजनों को सांत्वना, की निष्पक्ष जांच की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही घोसी के पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद जगदीश शर्मा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा—

“यह बेहद दुखद घटना है। यदि इलाज में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हम निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। परिजन कानून हाथ में न लें, न्याय दिलाने में पूरा सहयोग होगा।”

परिजनों ने पोस्टमार्टम की मांग की

परिजनों का कहना है कि राकेश की असल मौत का कारण तभी पता चलेगा जब पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने भी पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू करने की बात कही है।

चुनावी माहौल के बीच इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • Related Posts

    पावर स्टार पवन सिंह को भाजपा ने फिर दिया धोखा! राज्यसभा में नहीं मिला मौका, समर्थकों को तगड़ा झटका…

    Share Add as a preferred…

    Continue reading