
भागलपुर। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर भागलपुर में राजनीति गर्मा गई है। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता राजेश रंजन ने नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि भागलपुर स्मार्ट सिटी मिशन भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। न काम हुआ, न शहर बदला — लेकिन खर्च करोड़ों में दिखाया जा रहा है।
“स्मार्ट टॉयलेट दिखे नहीं, जनता परेशान”
राजेश रंजन ने कहा,
“जिन स्मार्ट टॉयलेट्स का दावा किया गया, वे जमीन पर कहीं दिखाई नहीं देते। महिलाएं और आम नागरिक खुले में या बेहद गंदी जगहों पर उपयोग करने को मजबूर हैं। यह जनता के साथ धोखा है।”
भैरवा तालाब को लेकर भी घिरी निगम
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भैरवा तालाब सौंदर्यीकरण में लाखों ख़र्च दिखाए गए, लेकिन नतीजा शून्य है।
“ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत से जनता के पैसों की लूट हुई है। तालाब आज भी वैसा ही बदहाल है।”
“टैक्स बढ़ाया, सुविधाएं गायब”
राजेश रंजन ने कहा कि नगर निगम ने जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ा दिया, लेकिन सुविधा नाम की कोई चीज़ नहीं मिली।
“सीवर, सड़क, पानी, सफाई कुछ भी बेहतर नहीं हुआ। जनता का पैसा बर्बाद हुआ है।”
कांग्रेस की मांग — पूरी जांच हो
कांग्रेस ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। राजेश रंजन ने कहा कि
“जांच होनी चाहिए ताकि दोषियों को सज़ा मिले और जनता का पैसा सही जगह खर्च हो।”


