बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पहले आखिरी दिन चुनावी गहमागहमी तेज रही। मंगलवार को पहले चरण का प्रचार थम गया और इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। वे लगातार विभिन्न जिलों में एक दिन में तीन से चार रैलियां कर रहे हैं और अब तक लगभग 50 से अधिक जनसभाएं कर चुके हैं।
सीएम नीतीश ने अपने संबोधन में राज्य में शांति और विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके शासन में बिहार ने पिछले 20 वर्षों में हर क्षेत्र में प्रगति की है।
“जंगलराज में सांप्रदायिक विद्वेष था, अब शांति का माहौल”
नीतीश कुमार ने कहा,
“जंगलराज में सांप्रदायिक विद्वेष और भय का माहौल था। हमारी सरकार ने उसे खत्म कर राज्य में शांति, भाईचारे और प्रेम का वातावरण स्थापित किया। आज कोई डर का माहौल नहीं है।”
उन्होंने कहा कि पहले शाम के बाद लोग घरों में कैद हो जाते थे और परिवार तब तक चिंतित रहता था जब तक कमाने वाला घर नहीं लौट आता था।
“अब हालात बदल चुके हैं। लोग रात में भी सुरक्षित आवाजाही कर सकते हैं।”
स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार का दावा
सीएम नीतीश ने कहा कि उनके सत्ता संभालने से पहले बिहार में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन आज उनकी संख्या 12 से अधिक है और हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना पर काम हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली हर क्षेत्र में बिहार में बड़े पैमाने पर सुधार हुआ है।
“20 साल में विकास की नदियां बहीं”
नीतीश कुमार ने कहा,
“विगत 20 वर्षों में बिहार में चारों तरफ विकास की नदियां बहीं। सड़कें बनीं, बिजली आई, कानून-व्यवस्था सुधरी और आज बिहार प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।”
उन्होंने जनता से अपील की कि वे शांति, विकास और सुशासन की इस यात्रा को जारी रखने के लिए एनडीए उम्मीदवारों को समर्थन दें।
भीड़ में जोश, कार्यकर्ताओं का उमड़ा उत्साह
त्रिवेणीगंज के अनुपालन यादव कॉलेज मैदान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। मंच पर स्थानीय नेताओं के साथ नीतीश कुमार ने जनता का अभिवादन किया और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग ‘जंगलराज’ के दिनों को भूल नहीं पाए हैं और अब वह दौर वापस नहीं आएगा।
पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा और प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


