मोकामा में गोलीबारी से जन सुराज समर्थक की मौत, अनंत सिंह पर हत्या का आरोप

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान सियासी सरगर्मी के बीच अब हिंसा की खबरें भी आने लगी हैं। बुधवार को गया में एनडीए उम्मीदवार अनिल कुमार पर हुए हमले के बाद, आज पटना के मोकामा टाल क्षेत्र में गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस फायरिंग में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई।

घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, मोकामा टाल क्षेत्र के तार तर गांव के पास फायरिंग हुई। मृतक की पहचान दुलारचंद यादव के रूप में की गई है, जो जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी प्रियदर्शी पीयूष के चाचा बताए जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि दुलारचंद यादव अपने भतीजे के समर्थन में चुनाव प्रचार पर निकले थे, तभी रास्ते में उन पर हमला हुआ और गोली मार दी गई।

समर्थकों का आरोप

घटना के बाद प्रियदर्शी पीयूष के समर्थकों ने जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया। समर्थकों ने कहा, “अनंत सिंह ने मरवाया है, हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे।” वहीं, प्रियदर्शी पीयूष ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस जेडीयू उम्मीदवार को बचाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि दुलारचंद यादव की मौत गाड़ी चढ़ने से हुई है। हालांकि, पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या और हादसे दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है।फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और बाढ़ एएसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं।

राजनीतिक पृष्ठभूमि

दुलारचंद यादव कभी आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते थे। मोकामा टाल क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी। हाल के दिनों में उन्होंने जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया था और अपने भतीजे के लिए सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे थे।

मोकामा सीट का समीकरण

मोकामा विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय है।

  • जेडीयू ने अनंत सिंह को उम्मीदवार बनाया है,
  • राजद से वीणा देवी मैदान में हैं,
  • और जन सुराज पार्टी से प्रियदर्शी पीयूष चुनाव लड़ रहे हैं।

यह घटना चुनावी माहौल को और अधिक गरमाने वाली साबित हो सकती है।


 

  • Related Posts

    भोजपुर में ‘खूनी’ हुआ क्रिकेट का मैदान! झोपड़ी में सो रहे युवक की कनपटी में मारी गोली; 22 साल के चंद्रशेखर की हत्या से दहला गांव

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना सिटी में अपराधियों ने ईंट-भट्ठे के बुजुर्ग मुंशी की बेरहमी से हत्या; चेहरे को ईंटों से कूचा, इलाके में दहशत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading