सहरसा | 30 अक्टूबर 2025: लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो (सी.बी.सी.), पटना और स्वीप कोषांग, सहरसा की ओर से जिले में गीत, संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के तहत केन्द्रीय संचार ब्यूरो, पटना में पंजीकृत सांस्कृतिक दल ‘लोग रंग मधुबनी’ के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराया और आगामी 6 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की।
कलाकारों ने अपने गीतों और संवादों के माध्यम से यह संदेश दिया कि मतदान न सिर्फ अधिकार है बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का सबसे बड़ा अवसर है। उन्होंने लोगों से कहा कि हर एक वोट बदलाव की दिशा तय करता है, इसलिए सभी नागरिकों को मतदान अवश्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि यदि किसी मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है, लेकिन उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो वह फोटो लगे किसी भी वैध पहचान पत्र — जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट — के साथ मतदान कर सकता है।
इस अवसर पर सांस्कृतिक दल के कलाकारों में टीम लीडर जटाधर पासवान, नंद कुमार, रीति प्रिया, चंदन कुमार और गणेश कुमार शामिल थे, जिन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को आकर्षित किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मिहिर कुमार झा ने बताया कि जिले के जिन छह विधानसभा क्षेत्रों में पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा है, वहां विशेष रूप से यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लें।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि सहरसा जिले में मतदान का प्रतिशत बढ़े और हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।”


