समस्तीपुर | समस्तीपुर विधानसभा के हरिशंकरपुर गांव में आरजेडी प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहिन के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा — “नीतीश कुमार को आपने 20 साल का मौका दिया, इस बार मुझे सिर्फ 20 महीने दीजिए। जो काम उन्होंने 20 साल में नहीं किया, वो मैं 20 महीने में कर दिखाऊंगा।”
“20 दिन में हर घर को सरकारी नौकरी देने का कानून बनाएंगे”

तेजस्वी यादव ने अपने वादों को दोहराते हुए कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने के लिए कैबिनेट से कानून पारित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि “बिहार में हम विकास की गंगा बहा देंगे। जिस तरह ठहरा हुआ पानी सड़ जाता है, वैसा ही हाल नीतीश कुमार की सरकार का हो गया है।”
“हमारी उम्र कच्ची, लेकिन जुबान पक्की है”
तेजस्वी यादव ने कहा कि अब तक उन्होंने जो कहा, वह करके दिखाया है। उन्होंने कहा — “हमारी उम्र भले ही कच्ची है, लेकिन जुबान पक्की है। हम जो वादा करते हैं, उसे निभाते हैं।”
तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी आरक्षण खत्म करना चाहती है और वही लोग अब जननायक कर्पूरी ठाकुर का नाम लेकर वोट मांग रहे हैं। “जो लोग कर्पूरी ठाकुर को उनके जीते जी गाली देते थे, वही आज उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं।”
“बीजेपी सिर्फ बातें करती है, हम रोजगार देते हैं”
सभा में मौजूद भारी भीड़ से उत्साहित तेजस्वी ने एनडीए नेताओं पर तंज कसा। उन्होंने कहा — “जो लोग बोलते थे कि तेजस्वी 10 लाख नौकरी कहां से देगा, क्या अपने बाप के घर से पैसा लाएगा — वही आज कह रहे हैं कि नौकरी नीतीश कुमार ने दी।”
तेजस्वी ने कहा कि शिक्षा विभाग आरजेडी के पास था, और शिक्षकों की बहाली का प्रस्ताव आरजेडी मंत्री ने ही कैबिनेट में लाया था। “बीजेपी वाले सिर्फ बात बनाते हैं, हम रोजगार की बात करते हैं।”
सभा में कई दिग्गज नेता मौजूद
इस अवसर पर वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी, तांती ततमा पान समाज के नेता आई.पी. गुप्ता, और महागठबंधन के अन्य वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहे। सभा स्थल पर जुटी भीड़ ने महागठबंधन के प्रति जोरदार समर्थन का माहौल बना दिया।


