भागलपुर में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल — 6 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी का संभावित दौरा, कहा “2025 फिर से नीतीश”

भागलपुर, 29 अक्टूबर।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल मंगलवार को भागलपुर पहुंचे। उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक से पहले आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भागलपुर दौरा छह नवंबर को संभावित है। उन्होंने कहा कि यह तय है कि प्रधानमंत्री भागलपुर आएंगे, फिलहाल छह नवंबर की तिथि संभावित मानी जा रही है।

डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार में एनडीए दो-तिहाई से अधिक सीटें जीतकर निश्चित रूप से सरकार बनाएगा। उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर कोई संशय नहीं है। हमारा नारा है — “2025 फिर से नीतीश”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 30 अक्टूबर को समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम से बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार और संपर्क अभियान की शुरुआत कर दी है। एनडीए के सभी नेता जनता से संवाद कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दिन पहले तक “वोट चोरी” का राग अलाप रहे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव अब खुद को “जन नायक” बताने लगे हैं। उन्होंने कहा कि “दोनों नेताओं ने जन नायक कर्पूरी ठाकुर की उपाधि तक ‘चोरी’ कर ली है। जबकि सच्चाई यह है कि कर्पूरी ठाकुर जन नायक थे, हैं और रहेंगे — यह उपाधि उनसे कोई नहीं छीन सकता।”

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई ठोस मुद्दा है, न विजन। “वे सीट शेयरिंग में ही उलझे रहे और अब चुनाव प्रचार में सिर्फ जुमलेबाजी करेंगे। संभव है, आगे चलकर यह भी कहें कि हर घर में सोने की कटोरी देंगे,” उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा।

प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रत्याशी रोहित पाण्डेय, जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट डॉ. प्रीति शेखर और विधानसभा संयोजक विजय साह मौजूद रहे।


 

  • Related Posts

    “राज्यसभा उपसभापति पद पर बड़ा बदलाव: नीतीश कुमार की संभावित नियुक्ति पर सियासी हलचल”

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया, अमित शाह और वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading