(भोजपुर)। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच भोजपुर जिले की संदेश विधानसभा सीट पर चुनावी माहौल अब गरमाने लगा है। जेडीयू प्रत्याशी और आरा-बक्सर के एमएलसी राधा चरण शाह उर्फ सेठ जी के समर्थन में आयोजित एक जनसभा में भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कई बड़े राजनीतिक बयान दिए।
पवन सिंह के चुनाव न लड़ने पर बोले तिवारी
मनोज तिवारी ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह के विधानसभा चुनाव न लड़ने को लेकर कहा —
“पवन सिंह विधानसभा का चुनाव लड़ना ही नहीं चाहते हैं, वो सांसद बनना चाहते हैं। पार्टी उन्हें सही जगह से चुनाव लड़वाएगी।”
उन्होंने आगे कहा,
“पवन सिंह को आसनसोल से हमने ही टिकट दिलवाया था और आगे भी हम उनको सही जगह से चुनाव लड़वाएंगे, आप लोग इंतजार करिए।”
एनडीए की जीत का दावा — 175 से ज्यादा सीटें
इस मौके पर मनोज तिवारी ने एनडीए की मजबूत स्थिति का दावा करते हुए कहा कि,
“हम 200 सीटों की मांग कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल जो स्थिति दिख रही है, उसमें NDA 175+ पर है। एनडीए के घटक दल मिलकर इसे और आगे बढ़ा सकते हैं।”
खेसारी लाल यादव पर बोले — “हम बिहारी हैं, थोड़े संस्कारी हैं”
सभा के दौरान मनोज तिवारी ने भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा,
“खेसारी बाबू हमारे छोटे भाई हैं, हम उनके लिए बुरा नहीं बोल सकते। हम बीजेपी-एनडीए के लोग हैं, हम कभी अमर्यादित बात नहीं करते।”
अपने अंदाज में उन्होंने मंच से गाना भी गुनगुनाया —
“हाँ, हम बिहारी हैं जी… थोड़े संस्कारी हैं जी…”
और कहा कि यही एनडीए की पहचान और मर्यादा है।
महागठबंधन पर तीखा हमला
मीडिया से बातचीत में मनोज तिवारी ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि,
“महागठबंधन में अंदरूनी खींचतान चल रही है। अब तक इनके नेता तय नहीं हो पाए हैं, ना ही स्टार प्रचारक। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक-दूसरे को देखना तक पसंद नहीं करते। मुकेश साहनी अलग हो चुके हैं। यह गठबंधन अब सिर्फ हिस्सेदारी का खेल बन चुका है।”
“बिहार का विकास सिर्फ एनडीए के नेतृत्व में संभव”
मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार का विकास सिर्फ एनडीए के नेतृत्व में ही संभव है।
“महागठबंधन विकास नहीं, बल्कि विभाजन की राजनीति कर रहा है। एनडीए ही बिहार को स्थिर और मजबूत सरकार दे सकता है।”


