
पटना | 21 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अब जन सुराज से घबराई हुई है और पार्टी प्रत्याशियों को धमका कर चुनाव मैदान से हटाने में जुटी है।

दानापुर से गोपालगंज तक नामांकन वापसी का आरोप
PK ने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने दानापुर, गोपालगंज और ब्रह्मपुर के जन सुराज उम्मीदवारों को धमका कर नामांकन वापस कराने के लिए मजबूर किया।
उन्होंने कहा —
“दानापुर से हमारे प्रत्याशी अखिलेश साह को गृह मंत्री अमित शाह ने पूरे दिन अपने साथ बैठाए रखा ताकि वे नामांकन न कर सकें। भाजपा को अब बाहुबली नेताओं से नहीं, जन सुराज के आम उम्मीदवारों से डर लगने लगा है।”
प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि गोपालगंज के उम्मीदवार डॉ. शशि शेखर सिन्हा को भी भाजपा नेताओं और स्थानीय MLC के दबाव में नामांकन वापस लेना पड़ा। वहीं ब्रह्मपुर से प्रत्याशी डॉ. सत्य प्रकाश तिवारी की केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ तस्वीर दिखाते हुए PK ने कहा —
“धर्मेंद्र प्रधान ने डराकर तीन उम्मीदवारों का नामांकन वापस कराया। यह चुनाव इतिहास में पहली बार है कि कोई केंद्रीय मंत्री सीधे उम्मीदवारों से मिलकर उन्हें चुनाव से हटने को कह रहे हैं।”
“उम्मीदवारों की सुरक्षा नहीं कर सकते तो वोटरों की कैसे करेंगे?” — PK का चुनाव आयोग से सवाल
PK ने सवाल उठाया कि अगर उम्मीदवारों को धमकाया जा सकता है, तो आम मतदाताओं की सुरक्षा कौन करेगा?
“हमारे 14 उम्मीदवारों को तरह-तरह की धमकियां दी गईं, तीन टूट गए लेकिन 240 लोग अभी भी डटे हुए हैं। भाजपा चाहे जितनी धमकी दे दे, हम मैदान में डटे रहेंगे।”
“जन सुराज से भाजपा को डर”
प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा को महागठबंधन से नहीं, जन सुराज से डर है —
“वे बाहुबली नेताओं से नहीं डरते, बल्कि अच्छे लोगों — डॉक्टरों, शिक्षकों, व्यवसायियों — से डरते हैं। जन सुराज के प्रत्याशी ईमानदार हैं, इसलिए भाजपा को अब डर लग रहा है।”
अतिपिछड़ों और मुस्लिम उम्मीदवारों को दी बड़ी हिस्सेदारी
PK ने बताया कि जन सुराज ने इस चुनाव में 54 अतिपिछड़ा समाज और 34 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
“हमने सीमांचल को छोड़, जहां पहले से मुस्लिम विधायक या उम्मीदवार थे, वहां मुस्लिम प्रत्याशी नहीं उतारे। लेकिन भाजपा और राजद की तरह हमने मुसलमानों को केवल ‘किरासन तेल’ की तरह इस्तेमाल नहीं किया।”
जन सुराज का दावा — “240 योद्धा मैदान में हैं, भाजपा के दांत खट्टे कर देंगे”
PK ने कहा कि जन सुराज के 240 प्रत्याशी मजबूती से चुनाव मैदान में हैं और जनता के सहयोग से इस बार बिहार की राजनीति में नया अध्याय लिखा जाएगा।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, वरिष्ठ नेता सुभाष सिंह कुशवाहा, सरवर अली, मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान, प्रवक्ता कैप्टेन राजीव रंजन और सदफ इकबाल मौजूद रहे।


