भागलपुर | 18 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच शनिवार को सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में एनडीए खेमे में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जदयू प्रत्याशी प्रो. ललित नारायण मंडल ने आज सदर अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
नामांकन के दौरान एनडीए समर्थकों और जदयू कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे रास्ते “नीतीश कुमार जिंदाबाद” और “ललित मंडल विजयी हों” के नारों से माहौल चुनावी रंग में रंग गया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में प्रो. ललित नारायण मंडल ने कहा —
“जनता का आशीर्वाद ही मेरी असली ताकत है। पिछले कार्यकाल में जो अधूरे कार्य रह गए थे, उन्हें पूरा करने के लिए ही दोबारा मैदान में उतरा हूं।”
गौरतलब है कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में भी प्रो. मंडल ने सुल्तानगंज से जीत दर्ज की थी। इस बार एनडीए गठबंधन ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है।
स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुल्तानगंज में मुकाबला इस बार भी त्रिकोणीय रहने की संभावना है, जबकि एनडीए खेमे में मंडल की उम्मीदवारी को लेकर उत्साह चरम पर है।


