भागलपुर, 2025।बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए भागलपुर में आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समीक्षा भवन में प्रेस वार्ता कर उम्मीदवारों और जनता को जानकारी दी।
डॉ. चौधरी ने बताया कि छुट्टियों के दिन सामान्य रूप से नामांकन नहीं होगा, लेकिन इस बार 20 अक्टूबर को दीपावली के दिन भी नामांकन कराया जा सकेगा, ताकि कोई भी उम्मीदवार प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है और चुनाव प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रही है।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए हर टोला और मोहल्ले पर प्रशासन की नजर रखी जा रही है। जिन लोगों पर संदेह है कि वे चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाल सकते हैं, उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए भागलपुर और नवगछिया जिले में कुल 11 कंपनी सीआरपीएफ की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्रों में आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों की हाजिरी लगाई जा रही है।
एसएसपी हृदय कांत ने बताया कि शनिवार और रविवार को चलाए गए समकालीन अभियान में 102 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और 95 लंबित वारंटों का निष्पादन भी किया गया। उन्होंने कहा कि दीपावली और काली पूजा के दौरान भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
डॉ. चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से अपील की कि वे शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया में भाग लें और किसी भी प्रकार की अफवाह या दुविधा पर ध्यान न दें।


