SST टीम ने 102 वाहनों पर की कार्रवाई, सुरक्षा व्यवस्था हुई और कड़ी
भागलपुर | 13 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर भागलपुर जिले में सख्ती बढ़ा दी गई है। जिले भर में स्पेशल सर्विलांस टीम (SST) की ओर से सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान अब तक 102 वाहनों पर कार्रवाई की गई है।
हर थाना क्षेत्र में चौकसी बढ़ाई गई
निर्वाचन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध धन, शराब या अन्य सामग्रियों की आवाजाही पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। SST टीम के साथ-साथ स्थानीय पुलिस और खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय किया गया है।
चेकिंग के दौरान वाहनों के कागजात, ट्रंक, डिक्की और सामानों की बारीकी से जांच की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी बोले — हर सूचना पर होगी त्वरित कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने कहा कि जिले में सभी नाके और चेकपोस्ट पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या आचार संहिता उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि “निर्वाचन अवधि के दौरान सभी थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और जांच अभियान को निरंतर जारी रखें।”


