भागलपुर, 25 सितंबर 2025।जिले में दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर आज समीक्षा भवन में जिला शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की, जबकि वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में पूजा महासमिति, सेंट्रल मोहर्रम कमेटी, काली बड़ी पूजा कमेटी सहित विभिन्न पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन के समक्ष कई सुझाव और मांगें रखीं।
उठे मुख्य मुद्दे
- सड़कों की सफाई और मरम्मती
- विसर्जन घाटों पर रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था
- गांगटा पोखर की सफाई
- ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखना
- पंडालों में पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती
- असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी
प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा शक्ति की उपासना और आस्था का पर्व है। विगत वर्षों की तरह इस बार भी इसे शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा।
- नगर निगम को निर्देश दिया गया कि सफाई, ब्लीचिंग और चुना छिड़काव समय पर करें।
- कचरा उठाव रात्रि में ही सुनिश्चित हो।
- पूजा समितियां सड़क के दोनों ओर खोमचे-ठेला लगाने से बचें ताकि आपातकालीन गाड़ियों की आवाजाही बाधित न हो।
- बड़े पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, नक्शा (मैप) और स्वयंसेवक की व्यवस्था अनिवार्य होगी।
- प्रतिमा के सामने और पंडाल में रात्रि में वॉलंटियर ड्यूटी पर रहें।
पुलिस की तैयारियां
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने स्पष्ट कहा कि—
- विसर्जन के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
- सिर्फ लाइसेंसधारी जुलूस ही निकाले जाएंगे।
- यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई जगह वन-वे रूट लागू होंगे।
- पंडालों में बालू और पानी के ड्रम की व्यवस्था करनी होगी ताकि आगजनी की स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके।
- महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग प्रवेश एवं निकास द्वार होंगे।
- किसी भी घटना की सूचना प्रशासन को तुरंत दें, ताकि उसे फैलने से पहले नियंत्रित किया जा सके।
अतिरिक्त निर्देश
उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा—
- रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजेगा।
- प्रतिमा की ऊँचाई मानक से अधिक न हो, जिससे विसर्जन में दिक्कत न आए।
बैठक में शामिल लोग
बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, यातायात पुलिस अधिकारी, सभी थाना अध्यक्ष, पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


