दिल्ली के कई स्कूलों में बम धमकी, छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित निकाल लिया गया

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों में आज सुबह बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) घटनास्थल पर पहुंच गए और स्कूलों को खाली कराकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

धमकी भरे ईमेल किस स्कूल को मिले?

मिली जानकारी के अनुसार, आज DPS द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय को धमकी भरे ईमेल मिले। इसके अलावा द्वारका और नजफगढ़ क्षेत्र के कुछ अन्य स्कूलों को भी ईमेल की धमकी मिली।

नजफगढ़ के स्कूल से सुबह 6:30 बजे फायर ब्रिगेड को पहली कॉल मिली। पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम व डॉग स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।

छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित निकाला

सर्च ऑपरेशन के दौरान सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिन स्कूलों में जांच पूरी हो चुकी है, वहां अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है।

पुलिस सतर्क

पुलिस ने इलाके में चौकसी बढ़ा दी है और स्कूलों के सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि धमकी की जांच की जा रही है और किसी भी तरह की अनहोनी से बचाव के लिए सभी स्कूलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

इस घटना ने दिल्ली के स्कूलों में एक बार फिर सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है।

  • Related Posts