इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम घात लगाकर किए गए हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए। वहीं, इस हमले में पांच अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना नांबोल सबल लेईकाई इलाके में शाम लगभग छह बजे हुई।
हमले का विवरण
अधिकारियों के अनुसार, असम राइफल्स का एक वाहन इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहा था, तभी चार से पांच सशस्त्र हमलावरों ने घात लगाकर उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में नायब सूबेदार श्याम गुरंग और राइफलमैन केशप शहीद हो गए।
घायल जवानों की पहचान एन. नोंगथों, डीजे दत्ता (असम), हव बीके राय (सिक्किम), एलपी संगमा (मेघालय) और सुबासचंद्र (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। सभी को इम्फाल स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
सुरक्षाबलों की प्रतिक्रिया
हमले के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और वहां कई खोखे बरामद किए। घायल जवान ने बताया कि शुरुआती समय में सुरक्षा बल ने जवाबी कार्रवाई नहीं की, क्योंकि पूरा इलाका रिहायशी था और नागरिकों को नुकसान पहुंच सकता था।
अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।


