
भागलपुर : इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में मंगलवार को उस वक्त तनाव का माहौल बन गया जब दो गुटों के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस झड़प में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मायागंज अस्पताल लाया गया, जहां आयुष नामक छात्र की हालत नाजुक बताई गई। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे तुरंत पटना एम्स रेफर कर दिया।
घटना के बाद कॉलेज के छात्रों में आक्रोश फैल गया। दर्जनों छात्र मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत से मिले। इस दौरान भाजपा नेत्री डॉ. प्रीति शेखर भी मौजूद रहीं। छात्रों ने आरोप लगाया कि आयुष के साथ मारपीट करने वाले आरोपी छात्र खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई अब तक ढीली है।
इस पर एसएसपी हृदय कांत ने कहा कि औद्योगिक थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और थाना अध्यक्ष को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
इस बीच, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे न सिर्फ कॉलेज बल्कि शहर में भी तनाव का माहौल बना हुआ है।


