भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों ने सोमवार को अंचल कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बाढ़ के दिनों में सरकार द्वारा घोषित राहत योजना का एक भी लाभ उन्हें अबतक नहीं मिला है।
अंचलाधिकारी चंद्रशेखर कुमार से मिलने पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वे कई बार कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन न तो जीआर राशि मिली और न ही अन्य कोई सुविधा। उनका कहना है कि प्रशासन बार-बार आश्वासन देकर मामले को टाल रहा है।
ग्रामीणों में सुकनी देवी, जारों देवी, नीलम देवी, सुखिया देवी, सुनीता देवी, अंबिका साह, सबिता देवी, कंचन कुमारी, गूंजा देवी, मैनी देवी, फूल कुमारी देवी, लक्ष्मी देवी, गायत्री देवी, मिथिलेश शर्मा, चंदन कुमार, महेश कुमार, उमेश मंडल और सन्नी यादव सहित कई लोग शामिल थे।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब महिलाओं ने चप्पल उठाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि अधिकारी उनकी कठिनाइयों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और सिर्फ औपचारिकता निभा रहे हैं।
पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि कुंदन यादव ने भी ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया और कहा कि लगातार आवेदन देने और चक्कर काटने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
वहीं, अंचलाधिकारी चंद्रशेखर कुमार ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिनका नाम राहत सूची में शामिल है, उनके खातों में राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने पीड़ितों से आधार कार्ड, नाम और वार्ड संख्या की पूरी सूची देने को कहा और आश्वस्त किया कि जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, उसकी जांच कर 15 दिनों के भीतर पात्र लाभुकों को राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय सीमा में राहत राशि नहीं मिली तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। अंचल कार्यालय परिसर में इस दौरान भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।


