भागलपुर। नाथनगर क्षेत्र के सूजापुर और महाशय ड्योढ़ी दुर्गा मंदिर में सोमवार से मां दुर्गा के आगमन की शुरुआत हो गई। परंपरा के अनुसार मंदिर परिसर से ढोल-ढाक, शंख और गाजे-बाजे के बीच बोधन घट निकाला गया।
यह घट विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान कराया गया और फिर पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पात्र में गंगा जल भरकर मां दुर्गा के जयकारों के साथ पुनः मंदिर लाया गया।
मां दुर्गा आगमन के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में कौड़ी लूटने की परंपरा भी निभाई गई। जैसे ही कौड़ियां लुटाई गईं, भक्तों में उन्हें लेने की होड़ मच गई। बड़ी संख्या में लोग कौड़ियां बटोरकर उन्हें प्रसाद स्वरूप अपने घर ले गए।
घर की महिलाएं इन कौड़ियों को सिंदूर के डिब्बे में रखकर श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना करती हैं।
इसी के साथ बंगला परंपरा के अनुसार बोधन घट स्थापित कर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हो गई। मंदिर परिसर भक्ति, उल्लास और आस्था से गूंज उठा।


