पटना/भागलपुर, 13 सितंबर 2025। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 71वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार को आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 4 लाख 70 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लेकिन शुक्रवार शाम तक केवल 3 लाख 45 हजार उम्मीदवारों ने ही एडमिट कार्ड डाउनलोड किया। यानी करीब 1.25 लाख परीक्षार्थी पहले ही परीक्षा प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं।
गौरतलब है कि 70वीं प्रारंभिक परीक्षा में भी लगभग 40 हजार अभ्यर्थियों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद परीक्षा में भाग नहीं लिया था।
राज्यभर में परीक्षा की व्यवस्था
- परीक्षा 37 जिलों के 912 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है।
- परीक्षा एक ही पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी।
- उम्मीदवारों का प्रवेश सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर 11 बजे तक होगा।
- 11 बजे के बाद प्रवेश वर्जित रहेगा।
- परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तीन स्तरों पर जांच होगी।
- मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और किसी भी प्रतिबंधित सामग्री को केंद्र पर ले जाना सख्त मना है।
आयोग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, निराधार और भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें।
भागलपुर में 44 केंद्र, सुरक्षा चाक-चौबंद
भागलपुर जिले में 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन्हें 23 जोनों में विभाजित किया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी की गई है।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखी जा रही है। कड़ी सुरक्षा जांच और दस्तावेजों की पुष्टि के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है।
परीक्षार्थियों की राय
कई अभ्यर्थी बिहार के विभिन्न जिलों और उत्तर प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों से भागलपुर परीक्षा देने पहुंचे हैं। मारवाड़ी पाठशाला समेत प्रमुख केंद्रों पर छात्रों ने कहा कि उन्होंने पूरी तैयारी की है। हालांकि कई छात्रों ने परीक्षा के माहौल को लेकर थोड़ा तनाव और घबराहट भी जाहिर किया।


