अररिया, 1 सितम्बर।अररिया साइबर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कांड संख्या 25/25 के तहत पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से नगद राशि, मोबाइल, डेबिट कार्ड, पासबुक समेत कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में इस गिरोह का मास्टरमाइंड भी शामिल है।
ऐसे मिली सूचना
31 अगस्त 2025 को साइबर थाना में पदस्थापित पु०अ०नि० सरोज कुमार को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति प्रशांत कुमार मल्लिक अररिया ओवरब्रिज के पास स्थित “ब्रो फोन्स एंड सीएसपी सेंटर” पर संदिग्ध लेन-देन के तहत राशि निकालने आया है। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना अररिया के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।
दुकानदार ने किया पहचान
छापामारी टीम के पहुंचने पर दुकानदार रितिक कुमार ने बताया कि प्रशांत कुमार मल्लिक पूर्व में भी उनके सीएसपी सेंटर से संदिग्ध राशि निकाल चुका है, जिसके कारण उनका बैंक खाता फ्रीज हो गया था। तभी से वह उसकी तलाश कर रहे थे। 31 अगस्त को जैसे ही प्रशांत दोबारा दुकान पर आया, उसे पहचानकर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा
पुलिस पूछताछ में प्रशांत ने बताया कि वह साइबर फ्रॉड की रकम को सीएसपी खातों में जमा कराकर नकद निकालता है और बदले में उसे 10 प्रतिशत कमीशन मिलता है। इस नेटवर्क में उसके तीन अन्य साथी भी शामिल हैं –
- शौकत अली (मास्टरमाइंड)
- तमजीद आलम
- माजिद शाह
ये सभी मिलकर परिजनों के नाम पर बैंक खाते खोलते थे और व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। पुलिस ने प्रशांत की निशानदेही पर मास्टरमाइंड शौकत अली को भी गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- प्रशांत कुमार मल्लिक, उम्र 30 वर्ष, पिता कुन्दन कुमार मल्लिक, निवासी शंकरपुर सिंझुआ, थाना कुर्साकांटा, जिला अररिया।
- शौकत अली, उम्र 40 वर्ष, पिता अब्दुल कैयूम, निवासी कमलदाहा वार्ड नंबर-03, थाना कुर्साकांटा, जिला अररिया।
बरामदगी
- नकद ₹20,000/-
- मोबाइल – 02
- सिम कार्ड – 06
- वोटर आईडी – 01
- आधार कार्ड/पैन कार्ड – 02
- डेबिट कार्ड – 05
- बैंक पासबुक – 02
- स्कैनर – 01
छापामारी दल
- पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना अररिया
- पु०नि० राजीव रंजन
- पु०अ०नि० कुन्दन कुमार
- पु०अ०नि० सरोज कुमार
- पु०अ०नि० मनिषा कुमारी
- सिपाही अमरजीत पासवान
- BHG अनमोल
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी थाना या अररिया साइबर थाना में भी संपर्क किया जा सकता है।


