समस्तीपुर।सदर अस्पताल के ओपीडी स्थित एक्स-रे रूम में शनिवार की देर शाम जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि एक्स-रे कर्मी मरीजों का एक्स-रे करने के बजाय एक युवती को कमरे में लेकर अंदर से दरवाजा बंद किए हुए था।
मरीजों ने किया विरोध
एक्स-रे कराने के लिए लाइन में खड़े मरीजों ने जब दरवाजा बंद पाया तो हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि स्थिति बिगड़ते देख युवती ने खुद को कथित तौर पर बाथरूम में बंद कर लिया।
हाथापाई और अफरातफरी
मरीजों व उनके परिजनों के विरोध के बीच एक्स-रे रूम के कर्मी और लोगों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत तक आ गई। पूरे घटनाक्रम के दौरान अस्पताल मैनेजर मौके से नदारद रहे, जिससे अफरातफरी और बढ़ गई।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। हालांकि हंगामे के बीच युवती वहां से निकल गई। बताया गया कि वह अपनी रिपोर्ट लेने के लिए अस्पताल आई थी।
सदर अस्पताल के डीएस डॉ. गिरीश कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में लिया गया है और जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी। वहीं नगर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मांगा गया है। आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।


