रमन 11 बनी विजेता, टेक्निकल 11 रही उपविजेता
हाजीपुर, 29 अगस्त 2025: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार तथा डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, भगवानपुर (वैशाली) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार, कुलपति डॉ. बसंत कुमार सिंह, कुलसचिव डॉ. बृजेश कुमार सिंह और पारा ओलंपिक स्विमर हरि शंकर रजक ने पिच पर टॉस कर किया।
अतिथियों का संबोधन
उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार ने कहा कि खेल को आज वह पहचान मिल रही है, जो पहले नहीं थी। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें याद करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बच्चों को खेल अकादमी में भेजने के प्रति माता-पिता को जागरूक होना चाहिए ताकि खेलों को बढ़ावा मिल सके।

जिला खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना हमारा उद्देश्य है।
कुलपति डॉ. बसंत कुमार सिंह ने कहा कि “एक घंटा खेल के मैदान में” स्लोगन को जीवन में उतारना चाहिए। वहीं, कुलसचिव डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि खेल न केवल फिटनेस देता है, बल्कि जीवन में ऊंचा मुकाम दिलाने में भी मदद करता है।
पारा ओलंपिक स्विमर हरि शंकर रजक ने कहा कि खेल में अनुशासन का होना बेहद जरूरी है। अभ्यास और खेल भावना दोनों पर समान रूप से ध्यान देना चाहिए।
क्रिकेट और अन्य प्रतियोगिताएं
मेजर ध्यानचंद स्मृति क्रिकेट मैच में रमन 11 की टीम विजेता रही जबकि टेक्निकल 11 उपविजेता बनी।
इसके अलावा इंडोर खेल प्रतियोगिता में कैरम में मोनिश कुमार विजेता और रिशु कुमार उपविजेता बने। शतरंज में डॉ. अंकित कुमार विजेता और डॉ. नादिर कमल उपविजेता रहे। वहीं टेबल टेनिस में अंकुश कुमार ने जीत हासिल की।
सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को उप विकास आयुक्त सहित अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
सीबीसी छपरा के सर्वजीत सिंह ने कहा कि खेल को जीवन का हिस्सा बनाने से ही समग्र विकास संभव है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर ओंकार शरद, गौरव मिश्र, शोएब अख्तर, अशोक कुमार समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


