बिहार में हाई अलर्ट के बीच बड़ी राहत, नेपाल से सीधे मलेशिया गए तीन पाकिस्तानी संदिग्ध, राज्य में नहीं हुई एंट्री: एडीजी पंकज दराद

पटना/भागलपुर, 29 अगस्त 2025बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जारी हाई अलर्ट के बीच शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय से बड़ी राहत देने वाली खबर सामने आई है। बिहार पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पंकज दराद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि जिन तीन पाकिस्तानी नागरिकों के राज्य में प्रवेश की आशंका जताई जा रही थी, वे बिहार की सीमा में दाखिल नहीं हुए। जांच में खुलासा हुआ है कि ये तीनों नेपाल से सीधे मलेशिया रवाना हो गए

एडीजी ने बताया कि 15 अगस्त से पहले खुफिया इनपुट मिला था कि तीन पाकिस्तानी आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं और नेपाल के रास्ते बिहार में घुसने वाले हैं। इसी आधार पर राज्य में हाई अलर्ट जारी किया गया था। सीमावर्ती जिलों—अररिया, किशनगंज, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी और पश्चिम चंपारण—में सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई थी। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सघन तलाशी अभियान चलाए गए।

बाद में जांच से यह स्पष्ट हुआ कि तीनों संदिग्ध दुबई से नेपाल की राजधानी काठमांडू आए थे और वहां से मलेशिया चले गए। एडीजी ने बताया कि अब तक इनके जैश-ए-मोहम्मद से संबंधों का कोई प्रमाण नहीं मिला है। पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेजों से भी यह पुष्ट हुआ है कि बिहार में उनकी कोई एंट्री नहीं हुई।

एडीजी पंकज दराद ने कहा—

“सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अलर्ट को हल्के में नहीं लेतीं। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया था। अब जबकि यह स्पष्ट हो गया है कि तीनों व्यक्ति बिहार में दाखिल नहीं हुए, सुरक्षा एजेंसियों को राहत मिली है, लेकिन सतर्कता में कोई कमी नहीं बरती जाएगी।”

गौरतलब है कि इन संदिग्धों की मौजूदगी की सूचना के बाद पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी। हालांकि अब सुरक्षा एजेंसियां लगातार खुफिया विभाग के साथ समन्वय बनाए हुए हैं और सीमावर्ती जिलों में कड़ी निगरानी जारी रहेगी।


 

  • Related Posts

    चंडी में भ्रष्टाचार की ‘क्लास’! BEO के लिए 17 हजार घूस लेते संसाधन शिक्षक गिरफ्तार; नालंदा में निगरानी ब्यूरो का बड़ा ‘धमाका’

    Share Add as a preferred…

    Continue reading