भागलपुर, 29 अगस्त 2025।भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय ने आज 156-भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के कार्यों का सत्यापन किया।
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 95 और 96 तथा संयुक्त निदेशक कृषि कार्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 255, 256, 257 और 258 का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ अमरदीप कुमार पाठक, पिंकी कुमारी, शशि प्रभा, निर्मला कुमारी, कुमार आनंद और सुभट्ट कुमार मंडल के कार्यों की समीक्षा की तथा फॉर्म 6, 7 और 8 के संग्रहण कार्य का परीक्षण किया।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि —
- 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में अवश्य शामिल हो।
- किसी भी मतदाता का नाम छूटने न पाए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें पेयजल, रैंप, महिला-पुरुष शौचालय, बिजली, फर्नीचर और मतदान कक्षों में प्रवेश-निकास के लिए अलग दरवाजों की उपलब्धता की जांच की।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया श्री ऋतुराज प्रताप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री विकास कुमार, डीसीएलआर सदर सुश्री अपेक्षा मोदी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी भी उपस्थित रहीं।


