भागलपुर। बाईपास थाना क्षेत्र के एनएच-80 पर गुरुवार को डायल-112 की तेज रफ्तार गश्ती गाड़ी की चपेट में आने से एक 10 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान कुर्बान निवासी मोहम्मद अबरार की पुत्री मंतशा के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर हंगामा किया और एनएच-80 को पूरी तरह जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंतशा अपने परिजनों के साथ बेड़ा बसाने जा रही थी। इसी दौरान डायल-112 की गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। परिजनों ने आक्रोशित होकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया और टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ उमड़ पड़ी और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि डायल-112 की टीम लापरवाही से गाड़ी चला रही थी, जिसके कारण मासूम की जान गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक दोषी पुलिसकर्मी पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
सूचना मिलते ही बाईपास थाना समेत आसपास के तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि देर शाम तक लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-80 पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन रहता है, जिस पर पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई रोक-थाम नहीं होती। आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।


