
भागलपुर | 27 अगस्त 2025: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत बुधवार को मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर के हॉल संख्या U-30 में छात्रों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला पीएमयू लीड श्री गोविंद कुमार, डीआरसीसी मैनेजर श्री रवि रंजन कुमार तथा एसडब्ल्यूओ श्री कनहैया कुमार मौजूद रहे। काउंसलिंग सत्र में कुल 112 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
छात्रों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई और पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया समझाई गई। कई छात्र-छात्राओं ने पहली बार इस योजना के बारे में जाना और रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के उपरांत कॉलेज प्राचार्य श्री शच्छाई राय के साथ बैठक कर यह सामूहिक निर्णय लिया गया कि छात्रों को निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने हेतु कॉलेज परिसर में एक एसडब्ल्यूओ को सात दिनों के लिए तैनात किया जाएगा। यह अधिकारी छात्रों को पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग देंगे और आवश्यक हैंड-होल्ड सपोर्ट भी उपलब्ध कराएंगे।
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की पहल से अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता प्राप्त कर सकेंगे और सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर अपने भविष्य का निर्माण कर पाएंगे।


