मुंगेर: तारापुर थाना परिसर में यूट्यूबर और पुलिसकर्मियों के बीच भिड़ंत, मारपीट का वीडियो वायरल

मुंगेर। जिले के तारापुर थाना परिसर में यूट्यूबर और पुलिसकर्मियों के बीच हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में हाथापाई तक की नौबत आ गई।

नेता के प्रमोशन को लेकर पहुंचे थे यूट्यूबर

मिली जानकारी के अनुसार, किसी नेता के प्रमोशन के लिए बाहरी 8 यूट्यूबर, जिनमें एक महिला भी शामिल थी, तारापुर पहुंचे थे। इसी दौरान थाना परिसर के बाहर पुलिसकर्मियों के साथ किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। यूट्यूबरों ने इस विवाद को अपने यूट्यूब चैनलों पर लाइव करना शुरू कर दिया, जिस पर पुलिस ने आपत्ति जताई।

लाइव स्ट्रीमिंग से भड़का विवाद

पुलिस की रोक-टोक के बावजूद यूट्यूबर न केवल लाइव स्ट्रीमिंग करते रहे बल्कि थाना परिसर में घुसकर भी वीडियो प्रसारित करने लगे। इससे दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई हो गई। वीडियो में यह भी दिखा कि एक यूट्यूबर ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ तक मार दिया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी और महिला यूट्यूबर के बीच भी झड़प हुई।

एसपी ने दी जांच के आदेश

इस घटना पर मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही खड़गपुर डीएसपी को जांच का जिम्मा सौंपा गया। जांच में सामने आया कि तीज पर्व के कारण सड़क पर जाम की स्थिति थी, जिसे हटाने के दौरान यूट्यूबरों ने पुलिस से अभद्रता की और बिना अनुमति थाना परिसर में घुसकर हंगामा किया।

यूट्यूबरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

तारापुर थाना पुलिस ने सभी 8 यूट्यूबरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हालांकि देर रात सभी को हिदायत के साथ बेल पर छोड़ दिया गया।


 

  • ये भी पढ़े..

    पटना हाईकोर्ट सख्त: बेऊर में अतिक्रमण और जलजमाव मामले पर सरकार से मांगी रिपोर्ट, अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल

    Share Add as a preferred…