वैशाली, 26 अगस्त 2025।बिहार के वैशाली जिले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रखंड महासचिव शिव शंकर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में भारी सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के पकौली की है। मृतक रिटायर्ड बिजली कर्मी और राजद नेता शिव शंकर सिंह सोमवार रात करीब 11 बजे नए बने घर जा रहे थे। तभी अपराधियों ने उन्हें घात लगाकर चार गोलियां मारी। बताया जा रहा है कि दो गोलियां उनकी आंखों में लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं और आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
परिवार ने बताया कि शिव शंकर सिंह की किसी से जानी दुश्मनी नहीं थी। पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।


