
भागलपुर। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के रहमतबाग कब्रिस्तान के पास शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों से दुर्गंध आने पर स्थानीय बच्चों को एक महिला का शव मिला। मृतका की पहचान रहमतबाग निवासी मु. इशार की पत्नी बीबी रोकेय्या (22 वर्ष) के रूप में हुई। महिला पिछले पांच दिनों से लापता थी।
पुलिस के अनुसार शव अर्धनग्न अवस्था में मिला और हाथ दुपट्टे से बंधे हुए थे। शरीर पूरी तरह गल चुका था। मृतका के स्वजनों ने कपड़ों और दुपट्टे से उसकी पहचान की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चे क्रिकेट खेलते समय गेंद झाड़ियों में लेने पहुंचे, जहां से बदबू आ रही थी। पास जाकर देखने पर शव मिला। उन्होंने तुरंत परिजनों को जानकारी दी और फिर पुलिस को सूचित किया गया।
मृतका के पिता मो. असगर ने आरोप लगाया कि बेटी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष घर बनाने के लिए एक लाख रुपये मांग रहा था। वे 70 हजार रुपये देने को तैयार थे, लेकिन ससुराल वाले राजी नहीं हुए। पिता ने आरोप लगाया कि इसी विवाद में उनकी बेटी की हत्या की गई।
जानकारी के अनुसार मृतका का पति मो. इशार हैदराबाद में मजदूरी करता है और घर पर केवल उसकी मां रहती थी। घटना की जानकारी पति को भी दे दी गई है।
मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दहेज हत्या के साथ-साथ ऑनर किलिंग की आशंका के बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।


