जमुई। प्यार और शादी की कहानियां तो अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन जमुई जिले से सामने आया यह मामला कुछ अलग ही है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से शादी करने से पहले मंदिर में उसे कई सवाल पूछे और संतोषजनक जवाब मिलने के बाद ही विवाह की रस्में पूरी कीं।
यह अनोखा मामला जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के सबलबीघा गांव का है। युवक सोनू कुमार (23), पिता लाल बहादुर चौधरी, और युवती पिंकी कुमारी (21) एक ही गांव के रहने वाले हैं और पिछले दो सालों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सोनू अपनी प्रेमिका से बार-बार पूछता है – “अपनी मर्जी से आई हो न? कोई दबाव या जोर-जबरदस्ती तो नहीं है? शादी के बाद घर छोड़कर तो नहीं जाओगी? अगर घरवाले विरोध करेंगे तो क्या करोगी?” इन सवालों पर पिंकी मुस्कुराते हुए ‘हां’ में जवाब देती है। इसके बाद युवक ने फूलों की माला पहनाकर, मांग में सिंदूर भरकर और मंगलसूत्र पहनाकर शादी की रस्में पूरी कीं।
इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग न सिर्फ इस प्रेम कहानी की चर्चा कर रहे हैं, बल्कि शादी से पहले प्रेमी द्वारा किए गए सवालों को भी दिलचस्प मान रहे हैं। जमुई में यह शादी अब चर्चा का विषय बन गई है।


