
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के रमैया गांव में मंगलवार की देर शाम अपराधियों ने पूर्व यूथ आरजेडी जिलाध्यक्ष और उजियारपुर लोकसभा के प्रत्याशी रहे अमरेश राय के घर पर धावा बोल दिया। करीब 20–25 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने जमकर फायरिंग की और उनके घर पर हमला कर सीसीटीवी कैमरे व बाहर खड़ी स्कॉर्पियो वाहन को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अमरेश राय ने आरोप लगाया कि यह हमला एक राजनीतिक साजिश के तहत किया गया है और इसमें इलाके के शराब माफिया भी शामिल हैं। उनका कहना है कि वे लगातार अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने संदेह जताया कि इलाके का एक दबंग परिवार, जो 1988 में उनके पिता की हत्या के मामले में भी आरोपी रहा है, इस हमले के पीछे हो सकता है।
फायरिंग के दौरान अमरेश राय घर के अंदर छुप गए जिससे उनकी जान बच गई। करीब 15 मिनट तक अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाई और फिर आसानी से फरार हो गए।
अमरेश राय ने कहा कि यह हमला उन्हें डराने और जनता से अलग-थलग करने की साजिश है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने व अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और पुलिस की धीमी कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस घटना ने क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।


