भागलपुर। नवगछिया पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो महिला तस्कर और एक पुरुष तस्कर को 2 किलो से अधिक ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ढाई से तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर छापेमारी
एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि 18 अगस्त को बिहपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि अवध आसाम एक्सप्रेस से उतरीं दो संदिग्ध महिला तस्कर चारपहिया वाहन से नवगछिया की ओर जा रही हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिहपुर पावर सब स्टेशन के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
भागने की कोशिश में दबोचे गए तस्कर
जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा और तलाशी के दौरान मणिपुर की रहने वाली दो महिला तस्करों के पास से 2098.41 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्करों में खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के सतीश नगर निवासी गौतम राय का नाम भी शामिल है।
कबूलनामा और तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर मणिपुर से लेकर आए थे और इसे नवगछिया में स्थानीय तस्करों गौतम राय और मोगन कुमार को सौंपने वाले थे।
- पहली महिला तस्कर से 1056.64 ग्राम
- दूसरी महिला तस्कर से 1047.77 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
बरामद मादक पदार्थ की कीमत बाजार में लगभग दो से तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अन्य सामान जब्त, FIR दर्ज
कार्रवाई में पुलिस ने एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस मामले में बिहपुर थाना कांड संख्या-205/25 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(सी)/25/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विशेष जांच टीम गठित
एसपी ने बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क मणिपुर से लेकर रोहतक तक फैला हुआ है। पुलिस ने इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है, जो गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश करेगी।
बिहार में सुखा नशा का बढ़ता खतरा
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी के बाद से सुखा नशे (ड्रग्स) का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। गांव-गांव तक यह जहर फैल चुका है और खासकर किशोर व युवा वर्ग इसके शिकार हो रहे हैं। ऐसे में नवगछिया पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।


